गुरुग्राम में जनगणना तैयारियों की समीक्षा, 31 मई तक हाउस लिस्टिंग पूरी करने का लक्ष्य
जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने अधिकारियों को दिए निर्देश, डिजिटल माध्यम से होगा पूरा सर्वे
Haryana:हरियाणा के जनगणना निदेशक डॉ. ललित जैन ने वीरवार को गुरुग्राम पहुंचकर जिले में चल रही जनगणना तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर फील्ड स्तर पर किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्देश दिए कि सर्वे का कार्य पूरी पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
डॉ. जैन ने कहा कि गुरुग्राम एक बड़ा मेट्रो शहर है, इसलिए यहां जनगणना कार्य को व्यापक स्तर पर संचालित करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के तहत हाउस लिस्टिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसमें प्रत्येक घर की आवासीय स्थिति और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सर्वे में बिजली, पेयजल, शौचालय, एलपीजी, वाहन और मकान की स्थिति जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है। प्रशासन ने 31 मई तक हाउस लिस्टिंग का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
मोबाइल ऐप के जरिए होगी जनगणना
डॉ. ललित जैन ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इन्यूमरेटर मोबाइल ऐप के जरिए डेटा दर्ज करेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक तेज और व्यवस्थित बनेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी और इसे किसी अन्य एजेंसी के साथ साझा नहीं किया जाएगा।
उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि जनगणना कर्मी किसी भी व्यक्ति से ओटीपी या आधार नंबर नहीं मांगेंगे। यदि कोई ऐसा करता है तो नागरिक तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दें।
सीटीएम ज्योति नागपाल ने बताया कि जिले में जनगणना कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में इन्यूमरेटर और सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं तथा जिला प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।
आरडब्ल्यूए और सोसाइटियों से सहयोग की अपील
डॉ. जैन ने शहर की आरडब्ल्यूए और बड़ी आवासीय सोसाइटियों से अपील की कि वे जनगणना कर्मियों को कॉलोनियों और अपार्टमेंट परिसरों में प्रवेश की अनुमति दें ताकि सर्वे कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके। उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों के पास अधिकृत पहचान पत्र और स्कैन कोड उपलब्ध रहेगा, जिसके जरिए उनकी पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को भविष्य की योजनाएं और जनहित नीतियां तैयार करने में मदद करते हैं। कुछ सोसाइटियों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन संबंधित प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर समाधान निकालेगा।
जिला स्तर पर बनेगा कंट्रोल रूम
जनगणना कर्मियों की सहायता के लिए डॉ. जैन ने जिला प्रशासन को जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर या कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर 1855 टोल फ्री नंबर पहले से जारी किया गया है। इसी तर्ज पर जिले में भी सहायता तंत्र विकसित किया जाएगा ताकि फील्ड में आने वाली समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा सके।
उन्होंने कर्मचारियों से जनगणना कार्य को राष्ट्रीय जिम्मेदारी मानकर पूरी निष्ठा के साथ काम करने की अपील की।
बैठक में सीटीएम ज्योति नागपाल, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन, सहायक निदेशक जनगणना गुरविंदर पाल सिंह, जिला समन्वय अधिकारी देवेश बंसल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।



