पंजाब

जलंधर में पुलिस की मुठबेड़, सरेंडर के लिए कहने पर की फायरिंग,पैर में गोली लगने के बाद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बरामद किये हथियार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जलंधर: पंजाब के जालंधर में गढ़ा रोड फायरिंग मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान श्याम लाल के रूप में हुई है। देर रात जालंधर कैंट के जमशेर खास क्षेत्र में उसके छिपे होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस का दावा है कि सरेंडर की अपील के बावजूद आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल, जालंधर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक हथियार भी बरामद करने का दावा किया है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, श्याम लाल गढ़ा रोड पर एक घर पर हुई फायरिंग की घटना में वांछित था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य आरोपियों, हथियारों के स्रोत और घटना की साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button