main slideपंजाब
मोहाली गुरुद्वारा चुनाव विवादों में, विपक्ष ने लगाया धांधली का आरोप
वोटर सूची में गड़बड़ी के आरोप, चुनाव बहिष्कार के बाद दोबारा मतदान की मांग तेज
Punjab:मोहाली के फेज ग्यारह स्थित गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी (मोहाली गुरुद्वारा)के चुनाव इस बार विवादों में घिर गए हैं। विपक्षी धड़े ने पूरी चुनाव प्रक्रिया का बहिष्कार करते हुए काबिज पक्ष पर बड़े स्तर पर धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
विपक्ष के नेताओं हरजीत सिंह सोढ़ी और गुरमेल सिंह मौजावाल का कहना है कि चुनाव के दौरान वोटर सूची में भारी अनियमितताएं की गईं। उनका आरोप है कि कई योग्य मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए, खासकर क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के, जिससे चुनाव एकतरफा हो गया।
विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि काबिज पक्ष ने अपने उम्मीदवार को लाभ पहुंचाने के लिए गुरुद्वारा के संविधान में गैरकानूनी बदलाव किए। इस संबंध में अकाल तख्त साहिब को शिकायत दी गई थी, लेकिन उनके निर्देशों की अनदेखी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
विपक्षी नेताओं ने मांग की है कि चुनाव पुराने संविधान और पुरानी वोटर सूची के आधार पर दोबारा कराए जाएं ताकि निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
चुनाव के दौरान मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। कई मतदाताओं ने शिकायत की कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनकी वोट सूची से हटा दी गई। एक महिला मतदाता अमृत कौर ने बताया कि उसके परिवार की तीन वोटें सूची में नहीं थीं, जबकि अन्य लोगों ने भी इसी तरह की शिकायतें सामने रखीं।
वहीं, काबिज पक्ष के प्रतिनिधि जगदीश सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया नियमों के अनुसार और पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई है। उनके अनुसार वोटर सूची पहले ही सार्वजनिक कर दी गई थी और जिन नामों को हटाया गया, वह निर्धारित नियमों के तहत ही हटाए गए।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा और केवल वैध मतदाताओं को ही अंदर प्रवेश की अनुमति दी गई। चुनाव परिणाम में जगदीश सिंह को दो सौ अट्ठाईस वोटों के अंतर से विजेता घोषित किया गया।
हालांकि, दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद और आरोपों के चलते अब मामले की उच्च स्तर पर जांच की मांग तेज हो गई है, जिससे आने वाले समय में इस विवाद के और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।