Illegal Colonies Patiala:अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने वालों के लिए बड़ा झटका, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश
100 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियों की रजिस्ट्रियों पर रोक, लोगों को निवेश से पहले जांच-पड़ताल करने की सलाह
Punjab:पटियाला में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज (Illegal Colonies Patiala)कर दी है। पटियाला डेवलपमेंट अथॉरिटी (PDA) ने जिले की 100 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉटों की रजिस्ट्रियों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए संबंधित सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों को भी आवश्यक सूचना भेजी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कई ऐसी कॉलोनियां बिना वैधानिक मंजूरी के विकसित की गई हैं, जहां मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, सीवरेज और बिजली व्यवस्था का अभाव है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे क्षेत्रों में संपत्ति खरीदने वाले लोगों को भविष्य में कानूनी और सुविधागत समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
PDA ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्लॉट या संपत्ति में निवेश करने से पहले उसकी कानूनी स्थिति की पूरी जांच करें। अथॉरिटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन अनधिकृत कॉलोनियों के प्लॉटों के लिए एनओसी जारी नहीं की जाएगी।
वहीं, कॉलोनाइजरों और प्रमोटरों को चेतावनी दी गई है कि किसी भी नई कॉलोनी के विकास से पहले संबंधित नियमों के तहत आवश्यक लाइसेंस और मंजूरी प्राप्त करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ अवैध निर्माणों को हटाया भी जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे अपनी मेहनत की कमाई केवल उन्हीं परियोजनाओं में निवेश करें जो सरकारी नियमों और स्वीकृतियों के अनुरूप हों।





