श्रीकृष्ण पर कथित विवादित टिप्पणी मामले में मौलाना जर्जिस अंसारी को कोर्ट का नोटिस
पानीपत अदालत ने 12 अगस्त को तलब किया, याचिका में धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
पानीपत:भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में हरियाणा के पानीपत की एक अदालत ने उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी मौलाना जर्जिस अंसारी को नोटिस जारी किया है। अदालत ने उन्हें 12 अगस्त को पेश होने का निर्देश दिया है। मामला मुस्लिम लीगल एड ट्रस्ट इंडिया की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान सामने आया।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि मौलाना के एक सार्वजनिक भाषण में भगवान श्रीकृष्ण और श्रीमद्भगवद्गीता की व्याख्या को लेकर की गई टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। याचिकाकर्ता ने यह भी दावा किया कि इस बयान से मुस्लिम समाज की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
याचिका के अनुसार, विवादित बयान से पहले मौलाना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और टिप्पणी वापस लेने की मांग की गई थी। ऐसा नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया गया।
मामला जून महीने में दिए गए एक भाषण के वायरल वीडियो से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि भाषण के दौरान श्रीमद्भगवद्गीता के एक श्लोक की व्याख्या करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी की गई, जिसके बाद कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन भी हुए।
फिलहाल अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए मौलाना जर्जिस अंसारी को नोटिस जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी, जहां अदालत आगे की कानूनी प्रक्रिया पर विचार करेगी।




