कारोबारी के दो बेटे कमरे में मिले बेसुध, ICU में भर्ती; डॉक्टर भी हैरान, जांच रिपोर्ट सामान्य !
हल्द्वानी -: शहर के एक बड़े कारोबारी के दो बेटे संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिले। दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। दोनों बच्चे 24 घंटे से अधिक समय से बेहोश हैं। चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं, लेकिन अभी तक बेहोशी की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, कारोबारी के 17 और 12 वर्षीय दोनों बेटे रविवार शाम करीब 7:30 बजे अलग-अलग कमरों में बेहोशी की हालत में मिले। बच्चों की मां ने उन्हें देखा तो रिश्तेदार की मदद से तत्काल एसटीएच पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के मुताबिक, दोनों बच्चों में लगभग एक जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। एक किशोर के हाथ-पैरों में कुछ-कुछ समय बाद हलचल देखी जा रही है, जबकि दूसरा पूरी तरह बेसुध है। दोनों की मेडिकल जांच कराई गई है। शुरुआती कुछ जांचों की रिपोर्ट सामान्य आई है, जबकि कुछ रिपोर्ट अभी आनी बाकी हैं।