हरियाणा

नाबालिग से रिश्ते के विवाद में वॉलीबॉल खिलाड़ी की मौत, अगवा कर प्रताड़ित करने के आरोप

भिवाड़ी के 21 वर्षीय खिलाड़ी मोनू की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत; लड़की के परिवार के दो लोग हिरासत में

हरियाणा: फरीदाबाद में एक नाबालिग लड़की से रिश्ते के विवाद को लेकर 21 वर्षीय वॉलीबॉल खिलाड़ी की कथित हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राजस्थान के भिवाड़ी के सैदपुर गांव निवासी मोनू के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि लड़की के परिजनों ने उसे अगवा कर कई दिनों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया, जिसके बाद गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए खिलाड़ी की मौत हो गई।

पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

तीन दिन तक बंधक बनाकर पीटने का आरोप

मृतक के परिवार के अनुसार, मोनू को 17 मई को कथित तौर पर सड़क से अगवा किया गया। आरोप है कि उसे तीन दिनों तक एक घर में बांधकर रखा गया, भूखा रखा गया और लगातार पीटा गया।

परिजनों का दावा है कि बाद में आरोपी उसे अधमरी हालत में घर के बाहर फेंककर चले गए। इसके बाद पुलिस की सूचना पर परिवार अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

राज्य स्तर का खिलाड़ी था मोनू

मोनू के चाचा नरेंद्र कुमार ने बताया कि वह एक प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी था और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुका था। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष उसने 12वीं की परीक्षा करीब 70 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी।

परिवार के मुताबिक, अप्रैल महीने में मोनू के खिलाफ एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला तिगांव थाने में दर्ज हुआ था। हालांकि बाद में लड़की बरामद हो गई थी और मामले की जांच जारी थी।

थाने जाने के दौरान अगवा किए जाने का दावा

परिजनों का आरोप है कि 17 मई को मोनू यह कहकर घर से निकला था कि पुलिस पूछताछ के लिए उसे थाने बुला रही है। इसी दौरान लड़की के परिवार के लोगों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से उठा लिया।

परिवार का कहना है कि 17 से 20 मई के बीच उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। बाद में गंभीर हालत में उसे छोड़ दिया गया, जिसके बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

यह मामला एक बार फिर रिश्तों को लेकर बढ़ते विवाद, हिंसा और कानून हाथ में लेने की घटनाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button