ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, तहसील प्रशासन पर उठे सवाल !
लखनऊ -: मोहनलालगंज नगर पंचायत क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि मुरली नगर में दीवानगंज जाने वाले मार्ग पर न्यू पब्लिक स्कूल के आगे पीपल के पेड़ के पीछे स्थित चकमार्ग संख्या 320 से सटी ग्राम समाज की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा पक्का निर्माण करा लिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया, जबकि प्रशासन ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि इस मामले में राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर यदि ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे हटाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में तहसील प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।