उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जारी किया विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन, आवेदन हुए शुरू !
लखनऊ -: ( प्रयागराज 05 सितंबर 2026 ) -: अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक एवं विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या-03/2026 एवं विज्ञप्ति संख्या-1940 के तहत पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 05 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आयोग की निर्धारित आवेदन वेबसाइट apply.upessc.org के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण (O.T.R.) एवं आवेदन की शुरुआत 05 सितंबर 2026 से हो चुकी है, जबकि ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 04 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन में 08 अक्टूबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा का आयोजन 03 नवंबर 2026 को किया जाएगा।


