हरियाणा

मेंटिनेंस की कमी के चलते नहीं चली हाइड्रोजन ट्रेन , शनिवार से जींद से सोनीपत रुट पर फिर चलेगी

पांच दिन में करीब 900 किलोमीटर का सफर पूरा करने के बाद तकनीकी जांच के लिए शकूरबस्ती भेजी गई ट्रेन

जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को नियमित तकनीकी निरीक्षण और मेंटेनेंस के लिए शुक्रवार को दिल्ली स्थित शकूरबस्ती रेलवे यार्ड भेजा गया। उद्घाटन के बाद लगातार पांच दिनों तक परिचालन के दौरान ट्रेन ने करीब 900 किलोमीटर का सफर तय किया, जिसके बाद निर्धारित रखरखाव प्रक्रिया के तहत इसकी जांच की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हाइड्रोजन ट्रेन के विभिन्न तकनीकी सिस्टम, हाइड्रोजन ईंधन से जुड़े उपकरणों और अन्य आवश्यक हिस्सों का निरीक्षण किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को शनिवार से फिर जींद-सोनीपत रूट पर नियमित संचालन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

शुक्रवार का ट्रायल टला

शुक्रवार को ट्रेन का जींद- सोनीपत, दिल्ली और सब्जी मंडी से बहादुरगढ़ के बीच ट्रायल प्रस्तावित था। हालांकि, तकनीकी रखरखाव को प्राथमिकता देते हुए ट्रायल स्थगित कर दिया गया और ट्रेन को सीधे शकूरबस्ती भेजा गया।

रेलवे का कहना है कि यह नियमित मेंटेनेंस प्रक्रिया का हिस्सा है और इसका उद्देश्य ट्रेन की सुरक्षित एवं निर्बाध सेवा सुनिश्चित करना है।

17 जुलाई को हुआ था उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के अगले दिन भी ट्रेन को प्रारंभिक तकनीकी निरीक्षण के लिए शकूरबस्ती भेजा गया था। इसके बाद 19 से 23 जुलाई तक ट्रेन ने जींद और सोनीपत के बीच नियमित ट्रायल और परिचालन किया।

जींद से सोनीपत के बीच एक तरफ की दूरी लगभग 89 किलोमीटर है। पांच दिनों के दौरान ट्रेन ने अप-डाउन मिलाकर करीब 890 किलोमीटर का सफर तय किया।

शनिवार से फिर चलेगी सेवा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मेंटेनेंस पूरा होने के बाद हाइड्रोजन ट्रेन शनिवार सुबह अपने निर्धारित समय पर जींद से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी और पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जींद-सोनीपत रूट पर सेवाएं देगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button