आम महोत्सव-2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में 5 जुलाई, 2026 को संपन्न !
उत्तर प्रदेश – : आम महोत्सव-2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में 5 जुलाई, 2026 को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महोत्सव का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और प्रदेश के आम को वैश्विक पहचान दिलाना है।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश का आम 30 से अधिक देशों में निर्यात किया जा रहा है और जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विकसित होने से निर्यात लागत में कमी आएगी। गुणवत्ता सुधार के लिए पेपर बैगिंग तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कीटनाशकों का प्रभाव कम होता है। हॉर्टिकल्चर एक्सपोर्ट प्रमोशन बोर्ड के गठन से 3000 से अधिक घरेलू निर्यातकों का नेटवर्क विकसित हुआ है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के अंतर्गत 35 से 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
समापन समारोह में आम की विभिन्न श्रेणियों और वर्गों की प्रतियोगिताओं में 147 पुरस्कार वितरित किए गए। मलिहाबाद के मोहम्मद इकबाल अहमद को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शक का पुरस्कार मिला। महोत्सव में 1501 प्रतिभागियों द्वारा कुल 3032 नमूनों का प्रदर्शन किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 6 प्रतिशत अधिक था। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बी.एल. मीणा, विशेष सचिव राजकमल यादव और उद्यान निदेशक भानुप्रकाश राम सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उद्यान निदेशक भानुप्रकाश राम ने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों, किसानों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह महोत्सव उत्तर प्रदेश की बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा।
