पीएम पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा हमलावर, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस माफी मांगे
देहरादून -: कांग्रेस विधायक की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा एतराज जताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इसे कांग्रेस की संस्कृति बताते हुए कहा कि पार्टी को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। भट्ट ने कहा कि संविधान की शपथ लेकर विधानसभा पहुंचा कोई जनप्रतिनिधि जब देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करता है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में पीएम को निशाना बनाने की होड़ लगी रहती है, लेकिन देवभूमि में ऐसे आचरण की जगह नहीं है।
भट्ट ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी के दिवंगत माता-पिता को लेकर अपमानजनक टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। यह उत्तराखंड के संस्कारों के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से पूछा कि वह अपने विधायक के बयान का समर्थन करते हैं या नहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को अपने विधायकों के लिए मर्यादा की गाइडलाइन तय करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विधायक पहले भी रात में अधिकारी के घर तोड़फोड़ के मामले में चर्चा में रह चुके हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस तरह की भाषा और हरकत बर्दाश्त नहीं करेंगे।
भट्ट ने मांग की कि कांग्रेस का प्रांतीय और केंद्रीय नेतृत्व इस बयान का संज्ञान ले और माफी मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हर स्तर पर इसका विरोध करेगी।



