uncategrized

श्रमिकों के सम्मान और सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार : श्री केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ -: ( 01 मई 2026 ) -: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने इन्दिरागांधी प्रतिष्ठान लखनऊ में ‘अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री जी की गरिमामयी उपस्थिति मे आयोजित श्रमवीर गौरव समारोह मे सम्मिलित होते हुये कहा कि श्रमिकों के परिश्रम, समर्पण और योगदान के बिना न प्रदेश का विकास संभव है और न ही देश का। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

उप मुख्यमंत्री ने सभी श्रमिक भाई-बहनों को अन्तर्राष्ट्रीय श्रम दिवस तथा भगवान तथागत बुद्ध की पूर्णिमा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन श्रमिकों के सम्मान, उनके अधिकारों और उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। श्री मौर्य ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद श्रमिकों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। सरकार ने श्रमिकों के सम्मान और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने वर्ष 2019 के प्रयागराज अर्धकुंभ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा सफाई कर्मियों के चरण धोकर उनका सम्मान करना देश में श्रमिकों के प्रति सम्मान की नई परंपरा स्थापित करता है। इसी प्रकार काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण में लगे श्रमिकों का सम्मान भी उनकी मेहनत के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में वीआईपी संस्कृति को समाप्त करते हुए 1 मई को ही लाल बत्ती प्रथा खत्म करने का निर्णय लिया गया, जो समानता और जनसम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि श्रमिकों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ें और जीवन में सफलता हासिल करें। आज श्रमिक परिवारों के बच्चे खेल, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। श्री मौर्य ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को भी विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ सरकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार हर प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।श्री मौर्य ने सभी श्रमिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पुनः श्रम दिवस एवं बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button