लुधियाना, पंजाब: ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में एक हवालाती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत(Ludhiana Central Jail death case) का मामला सामने आया है, जिसने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद परिजनों ने हिरासत में यातना और लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग (PSHRC) ने जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया है। आयोग ने एडीजीपी (जेल), जिला मजिस्ट्रेट और सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। इस मामले की अगली सुनवाई 22 मई को निर्धारित की गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक हवालाती एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था। उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे और उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई।आयोग ने जांच के लिए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे हैं, जिनमें न्यायिक जांच रिपोर्ट, पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी, डॉक्टरों की मेडिकल रिपोर्ट और घटना के समय मौजूद जेल अधिकारियों का विवरण शामिल है।
इस घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि जांच जारी है।





