अंतराष्ट्रीय

यूक्रेन को दो टुकड़ों में विभाजित करने की कोशिश

कीव: यूक्रेन(Ukraine)  के सैन्य खुफिया प्रमुख का कहना है कि रूस यूक्रेन को दो टुकड़ों में विभाजित करने की कोशिश कर सकता है. रक्षा मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी एक बयान के अनुसार किरिलो बुडानोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यह महसूस किया है कि वह पूरे यूक्रेन को तो निगल नहीं सकते. इसलिए वह ‘कोरियाई परिदृश्य’ के तहत यूक्रेन को संभवत: विभाजित करने का प्रयास करेंगे. उनका मतलब उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच दशकों पुराने विभाजन से था.

बुडानोव ने कहा कि, ‘‘रूस कब्जे वाले क्षेत्रों को एक अर्ध-राज्य संरचना में तब्दील करने का प्रयास करेंगे और इसे स्वतंत्र यूक्रेन के खिलाफ खड़ा करेंगे.’’उन्होंने कब्जे वाले शहरों में समानांतर सरकारी ढांचा स्थापित करने और लोगों को यूक्रेनी मुद्रा, रिव्निया का उपयोग करने से रोकने के लिए रूसी प्रयासों की ओर इशारा किया.

बुडानोव ने भविष्यवाणी की कि यूक्रेन का प्रतिरोध गुरिल्ला युद्ध में विकसित होगा और रूस के प्रयासों को पटरी से उतार देगा. इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के उस बयान से खुद को अलग कर लिया है, जिसमें बाइडन ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सत्ता में नहीं रह सकते हैं. मैक्रों ने तनाव कम करने के प्रयास किये जाने की अपील की है.

मैक्रों कई बार यूक्रेन में शांति के लिए रूस के राष्ट्रपति से बातचीत कर चुके हैं, लेकिन उनके प्रयास अभी तक विफल रहे हैं. वह एक बार फिर पुतिन से रविवार या सोमवार को बातचीत करेंगे. फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने बाइडन की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने चैनल पर कहा, ‘‘हमें तथ्यात्मक होना चाहिए और हरसंभव प्रयास करना चाहिए ताकि स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए.’’

मैक्रों ने कहा, ‘‘मैं उन शब्दों का इस्तेमाल नहीं करूंगा, क्योंकि मैं पुतिन से बात करता रहा हूं. हम सामूहिक रूप से केवल यही चाहते हैं कि यूक्रेन पर रूस द्वारा थोपा गया युद्ध रुकना चाहिए.’

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button