हरियाणा : हरियाणा में आने वाले दिनों में मौसम करवट लेने वाला है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि 9 अप्रैल तक राज्य में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके चलते 6 अप्रैल की रात से 8 अप्रैल के बीच हरियाणा में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इस दौरान कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, मध्यम से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है।मौसम विभाग का कहना है कि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। साथ ही, हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलों की देखभाल करें और कृषि कार्यों की योजना सावधानी से बनाएं।वहीं, दिल्ली में सोमवार सुबह मौसम सुहावना रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया और दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।





