संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलीटेक्निक)-2026 के ऑनलाइन आवेदन की तिथि पुनः विस्तारित, अभ्यर्थियों को 20 मई तक अंतिम अवसर !
लखनऊ -: संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा आयोजित की जाने वाली वर्ष 2026 की पॉलीटेक्निक (कम्प्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा) के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि पूर्व में 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थियों एवं विभिन्न संस्थानों द्वारा तिथि बढ़ाए जाने की मांग को दृष्टिगत रखते हुए छात्रहित में आवेदन की अंतिम तिथि को पहले 17 मई 2026 तक विस्तारित किया गया था।
परंतु पुनः प्राप्त अनुरोधों एवं अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिषद द्वारा छात्रहित में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को एक बार फिर बढ़ाते हुए 18 मई 2026 से 20 मई 2026 तक अंतिम अवसर के रूप में विस्तारित किया गया है। परिषद द्वारा अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे इस विस्तारित अवधि का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
उल्लेखनीय है कि 18 मई 2026 तक कुल प्रवेश क्षमता 2,71,093 के सापेक्ष चार लाख बीस हजार से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन किया जा चुका है, जो इस परीक्षा के प्रति विद्यार्थियों की व्यापक रुचि को दर्शाता है। अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी परिषद की www.jeecup.admissions.nic.in अथवा दूरभाष संख्या 0522-2630106, 2630695, 2630667, 2636589 पर संपर्क कर सकते हैं।

