उत्तराखंड

धामी सरकार पर साधा निशाना ,चंपावत से कांग्रेस का चुनावी बिगुल, गणेश गोदियाल बोले -: ‘2027 में बनेगी कांग्रेस सरकार

चंपावत -: उत्तराखंड कांग्रेस ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का औपचारिक आगाज करते हुए रविवार को चंपावत से ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शुरू कर दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यात्रा का शुभारंभ करने से पहले गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आयोजित परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोदियाल ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चंपावत विधानसभा सीट का प्रदेश की राजनीति में विशेष महत्व रहा है और जब-जब यहां कांग्रेस को जीत मिली, तब-तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर और चल्थी क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से जारी है, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही खनन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

गणेश गोदियाल ने यह भी आरोप लगाया कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के ठेके बाहरी कंपनियों को दिए गए, जबकि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार चाहती तो इस परियोजना के माध्यम से हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सकता था। मुख्यमंत्री के पुराने बयान का उल्लेख करते हुए गोदियाल ने कहा कि “मुख्यमंत्री ने चंपावत को स्विट्जरलैंड बनाने का वादा किया था। आज हम यह देखने आए हैं कि चंपावत वास्तव में कितना स्विट्जरलैंड बन पाया है।” इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर भी तीखा हमला बोला।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button