हरियाणा

गुरुग्राम में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म,

सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव के साथ बैठक सफल, सैलरी, पीएफ-ईएसआई और HKRN को लेकर मिला भरोसा

Haryana:गुरुग्राम में कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने आखिरकार हड़ताल समाप्त करने का फैसला लिया है। सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने मंगलवार से काम पर लौटने की हामी भर दी है। अब सभी कर्मचारी अपने निर्धारित समय के अनुसार निगम क्षेत्र में सफाई कार्य शुरू करेंगे।

सोमवार को हुई बैठक में सफाई कर्मचारियों ने अपनी मुख्य समस्याएं सीनियर डिप्टी मेयर के सामने रखीं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने मांग रखी कि उन्हें सफाई एजेंसी के बजाय HKRN (हरियाणा कौशल रोजगार निगम) के तहत शामिल किया जाए और सभी कर्मचारियों का पीएफ व ईएसआई नियमित रूप से जमा कराया जाए।

इस पर प्रवीन यादव ने भरोसा दिलाया कि निगम क्षेत्र में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच वेतन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारियों का पीएफ और ईएसआई नियमित रूप से उनके खातों में जमा किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह वादा किया कि कर्मचारियों को HKRN के तहत लाने के लिए सरकार के समक्ष उनकी मांग को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

सीनियर डिप्टी मेयर के इन आश्वासनों से संतुष्ट होकर कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया।

मानसून से पहले तैयारियों के निर्देश
बैठक के दौरान प्रवीन यादव ने निगम के इंजीनियरिंग विभाग को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके। उन्होंने संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में पहले से ही संसाधनों की तैनाती करने को भी कहा।

निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि एक बार सफाई कार्य पूरा किया जा चुका है और 15 जून से पहले दोबारा सभी नालों की सफाई कर दी जाएगी। साथ ही रामपुरा चौक जैसे संवेदनशील इलाकों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज सुधार कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button