गुरुग्राम में प्लास्टिक के खिलाफ सख्त एक्शन 9, खांडसा मंडी से 200 किलो प्रतिबंधित सामग्री जब्त
एमसीजी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त कार्रवाई, नियम तोड़ने वाले दुकानदारों के काटे चालान
Haryana:गुरुग्राम में प्लास्टिक मुक्त शहर के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों ने खांडसा मंडी में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के अवैध उपयोग और वितरण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान टीमों ने करीब 200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के मौके पर ही चालान भी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम नॉर्थ की क्षेत्रीय अधिकारी आकांक्षा तंवर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के इस्तेमाल को पूरी तरह रोकना है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया गया, ताकि वे पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाएं और प्लास्टिक के उपयोग को कम करें।
अधिकारियों ने व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि वे सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का पालन करें और शहर को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग दें।



