2027 विधानसभा चुनाव में दमखम के साथ उतरेगा रालोद, संगठन विस्तार की तैयारी तेज – चौधरी नीरपाल सिंह

देहरादून -: उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने भी अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि वह राज्य में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और इसके लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक रणनीति बनाई जा रही है।
देहरादून के बल्लू चौक स्थित खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष रूपिन चौधरी के कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि पार्टी राज्य में मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए गंभीर है। उन्होंने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने के उद्देश्य से रणनीतिक रूप से कार्य शुरू कर दिया गया है।चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी के निर्देशानुसार उत्तराखंड में लगभग 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक मजबूत टीम गठित की जाएगी। यह टीम राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में प्रदेशभर में जनसंपर्क बढ़ाकर चुनावी माहौल तैयार करेगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएगी।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रूपिन चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे सभी जयंत चौधरी के सिपाही हैं और पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है और इसी दिशा में कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ जुटेंगे। बैठक में चौ विवेक पंवार, रोहित राणा, हरदीप पंवार, मनु तोमर, जितेंद्र तोमर, ब्रह्मपाल सिंह, प्रवीण तोमर, अमित गुलिया, राजदीप ढाका, संजय बालियान और अरविंद सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
