देहरादून

आईएसबीटी के कायाकल्प को मिलेगी रफ्तार, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बनाया जाएगा मजबूत: बंशीधर तिवारी

देहरादून  -:  मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) में उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में आईएसबीटी और मॉल परिसर के कायाकल्प को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, किराये के पुनर्निर्धारण और सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।बैठक में तय किया गया कि आईएसबीटी परिसर के शौचालयों का उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पुनर्निर्माण किया जाएगा। ए-ब्लॉक का कार्य अंतिम चरण में है और अन्य शौचालयों को भी आधुनिक तकनीक से दुरुस्त किया जाएगा।

प्लेटफार्म का फर्श चरणबद्ध तरीके से बदला जाएगा, जिसके दौरान आवश्यकतानुसार व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को खाली कराया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए भूतल का बेहतर उपयोग करने हेतु यूटीसी और यूनियन कार्यालयों को प्रथम तल पर शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया, ताकि खाली स्थान का उपयोग यात्री सुविधाओं के विस्तार में किया जा सके। आईएसबीटी परिसर में दुकानों, कार्यालयों और कियोस्क के किराये का पुनर्निर्धारण करने तथा लंबे समय से लंबित अनुबंधों का नवीनीकरण करने पर भी सहमति बनी। पुराने कियोस्क की जगह नए कियोस्क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और लाइसेंसधारियों को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नए अनुबंधों में कड़े नियम और शर्तें शामिल होंगी ताकि कियोस्क किसी अन्य व्यक्ति को किराये पर देने या व्यवसाय की प्रकृति बदलने जैसी स्थिति पर रोक लगाई जा सके।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आईएसबीटी परिसर में ओला-ऊबर सहित अन्य ऑनलाइन कैब सेवाओं के लिए निर्धारित बूथ बनाए जाएंगे। इससे कैब बुक करने वाले यात्रियों को वाहन तलाशने में परेशानी नहीं होगी और परिसर में भीड़ व अव्यवस्था पर अंकुश लगेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाएगी। शराबियों, जुआरियों और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस चौकी से सहयोग लिया जाएगा।

विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुरानी स्ट्रीट लाइट, पावर केबल और पोल बदले जाएंगे। एसटीपी की निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नई केबल और पाइप की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, मॉल परिसर में हार्टिकल्चर और इंजीनियरिंग कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। एनएचएआई कार्यालय हटने और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद खाली स्थल पर तारबाड़ और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। चिलर सिस्टम, ड्रिंकिंग वाटर पैनल और पंप रूम की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आईएसबीटी और मॉल परिसर एमडीडीए की महत्वपूर्ण परिसंपत्तियां हैं और यात्रियों, आमजन तथा व्यवसायियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएंगे।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button