कई राज्यों में बारिश( बारिश ) का कहर
नई दिल्ली. देश के कई राज्यों में भारी बारिश ( बारिश ) की खबरें लगातार आ रही हैं. कई जगह इससे भारी नुकसान की भी खबरें हैं. जम्मू कश्मीर से हिमाचल, छत्तीसगढ़ से लेकर तेलंगाना तक बारिश के बीच नदियों में उफान और बाढ़ से तबाही हो रही है. पहाड़ दरक रहे हैं. भूस्खलन की घटनाओं ने पहाड़ों पर पर्यटकों का रास्ता रोक दिया है. हाईवे जाम हो रहे हैं.
जम्मू के रियासी जिले के बुद्धल माहौर रोड पर भारी भूस्खलन से यातायात ठप हो गया. यहां पहाड़ भरभराकर नीचे नदी में समा गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दूर से लोगों द्वारा मोबाइल पर कैद किए गए वीडियो में भूस्खलन के कारण जमीन दरक रही है और पहाड़ की मिट्टी जमीन के नीचे खाई में बह रही नदी में गिरती दिख रही है. जिस हिस्से में जमीन खिसकी है उस पर एक सड़क भी आपदा के कारण कट गई है.
तेलंगाना-छत्तीसगढ़ हाईवे जाम, नदियां उफनाईं
वहीं, भारी बारिश के कारण तेलंगाना-छत्तीसगढ़ के बीच यातायात प्रभावित हो गया. दोनों ही राज्यों में भारी बारिया की खबरें हैं. कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर आ गया है. तेलंगाना को पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाले राजमार्ग पर पानी भर जाने के कारण दोनों राज्यों के बीच वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है. जलस्तर में लगातार वृद्धि से निचले इलाकों में रहने वाले लोग सकते में आ गए हैं.
हिमाचल में बारिश से भारी नुकसान
हिमाचल में भी भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं. भारी बारिया के बीच यहां भी भूस्खलन देखने को मिल रहा है. शिमला किन्नौर हाईवे जगह-जगह ब्लॉक हो गया है. जाम लगने से यहां बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे. आनी बाजार में बाढ़ के बाद रात में अफरा-तफरी देखी गई. यहां मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग के स्थानीय कार्यालय ने बताया कि भारी बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने की आशंका है और नदियों और नालों में पानी का प्रवाह भी बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों में बाढ़ की संभावना भी जाहिर की. बीती रात भी शिमला, किन्नौर और कुल्लू जिले के कई क्षेत्रों में जगह-जगह लैंडस्लाइड से तबाही हुई है. तीन दिन से बंद पड़े शिमला- किन्नौर NH-5 पर चौरा में सुबह के वक्त लैंडस्लाइड हो गया. उत्तराखंड में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है.
