Pathankot Spy Case: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में युवक गिरफ्तार
सेना की मूवमेंट की लाइव फीड भेजने का आरोप,NH-44 पर CCTV लगाकर सेना और पैरामिलिट्री काफिलों की निगरानी
पंजाब:पठानकोट में पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी करने के आरोप (Pathankot Spy Case)में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे (NH-44) पर इंटरनेट आधारित CCTV कैमरा लगाकर सेना और अर्धसैनिक बलों की आवाजाही की लाइव फीड पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक पहुंचाई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो पठानकोट जिले के चक्क धारीवाल गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने हाईवे के पास एक दुकान में कैमरा लगाया था, जहां से सेना और पैरामिलिट्री काफिलों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह दुबई में बैठे एक व्यक्ति के निर्देश पर काम कर रहा था और इसके बदले उसे 40 हजार रुपये मिले थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से CCTV कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
जांच एजेंसियों को शक है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल सेना की संवेदनशील गतिविधियों और सुरक्षा मूवमेंट की जानकारी जुटाने के लिए किया जा रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी के विदेशी संपर्कों और संभावित बड़े जासूसी नेटवर्क की जांच कर रही हैं।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े कथित जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया था। सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है।





