नई दिल्ली। भोपाल की मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा मौत मामले में मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह को कोर्ट ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की पूरी सच्चाई जानने की कोशिश करेगी। मीडिया से बचाने के लिए समर्थ को कोर्ट परिसर में पीछे के रास्ते से लाया गया और वहीं कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए जबलपुर हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। हालांकि शुक्रवार को सुनवाई के दौरान उसने अपनी याचिका वापस ले ली। इसके बाद हाई कोर्ट ने उसे कटारा हिल्स थाना प्रभारी या जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समर्थ सिंह को शरण देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह इतने दिनों तक कहां छिपा रहा और किन लोगों ने उसकी मदद की। पुलिस ने यह भी कहा कि मामले में नोटिस भेजे जाने के बावजूद गिरिबाला सिंह अब तक पूछताछ के लिए पेश नहीं हुई हैं।
कोर्ट परिसर से हिरासत में लिया गया आरोपी
इसी दौरान भोपाल और जबलपुर पुलिस को उसके कोर्ट में मौजूद होने की जानकारी मिली। दोनों शहरों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जबलपुर पुलिस ने आरोपी को भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम उसे देर रात भोपाल लेकर पहुंची।
12 मई को मिला था त्विषा का शव
गौरतलब है कि भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह की बहू त्विषा शर्मा का शव 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटका मिला था।
घटना के बाद त्विषा के मायके पक्ष ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर हत्या का आरोप लगाया था। मामले के सामने आने के बाद से पुलिस लगातार जांच कर रही है और अब आरोपी से पूछताछ के जरिए कई अहम खुलासों की उम्मीद की जा रही है।
