जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन !
लखनऊ -: जगजीवन राम रेलवे सुरक्षा बल अकादमी, लखनऊ में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर अकादमी के अधिकारियों, प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम का आयोजन अकादमी के परेड ग्राउंड में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मानव श्रृंखला के गठन के साथ हुई। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने “Say Yes to Life, No to Drugs” विषय पर नशा विरोधी शपथ ग्रहण कर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल नितिन जोशी ,11 GRRC इंडियन आर्मी लखनऊ के आगमन पर उनका स्वागत किया गया तथा उप महानिरीक्षक/प्रशिक्षण द्वारा उन्हें पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश दिया गया। इसके उपरांत आयोजित योग सत्र में अधिकारियों, प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/प्रशिक्षण द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन योग, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।