उत्तराखंड डिजिटल विकास को नई दिशा देगा “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून -: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इनके माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.), टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों के विचार सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री आवास में समारोह के आयोजकों से शिष्टाचार भेंट, ए.आई., टेक्नोलॉजी, पर्यटन, निवेश और वेडिंग डेस्टिनेशन पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस कॉन्फ्रेंस से प्राप्त निष्कर्ष और सुझाव भविष्य में सकारात्मक परिणाम देने के साथ-साथ राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण राज्य है और पर्यटन के क्षेत्र में भी इसकी विशिष्ट पहचान है। राज्य में प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर पहुंचते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अपने प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण अनेक आकर्षक डेस्टिनेशनों से समृद्ध है। राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है, जिससे फिल्म उद्योग के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। इसके साथ ही औद्योगिक निवेश के लिए भी उत्तराखंड में बेहतर अवसर मौजूद हैं और सरकार इन्हें और विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की भी अपार संभावनाएं हैं। राज्य के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं। सरकार इस दिशा में आवश्यक आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे, एन.टी.टी. ग्लोबल डाटा सेंटर के इंडिया हेड निमेश कुमार, अडाणी कनेक्स के कंट्री हेड कपिल चुघ, यात्ता डाटा सेंटर की वाइस प्रेसिडेंट सुश्री ज्योति माल्दे, नेटफॉर चॉइस डाटा सेंटर के फाउंडर समीर यादव सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




