पंजाब

बठिंडा में नशे ने छीना पिता का सहारा, बेटे ने गाड़ी चढ़ाकर की हत्या

वाशिंग मशीन बेचने पर मिली फटकार से नाराज था आरोपी, पुलिस ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार

Punjab:पंजाब के बठिंडा जिले के गांव सींगो में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नशे की लत में डूबे एक युवक ने अपने ही पिता की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी गुलाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तीन मई को थाना तलवंडी साबो को सूचना मिली थी कि जंटा सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। उनका शव सिविल अस्पताल मानसा में रखा गया था। शुरुआती जांच के दौरान मामला हादसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतक के बड़े बेटे गुरजिंदर सिंह के बयान के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।

गुरजिंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई गुलाब सिंह लंबे समय से नशे का आदी था। आरोप है कि उसने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए घर की वाशिंग मशीन तक बेच दी थी। इस बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था और गांव के एक गणमान्य व्यक्ति डोगर सिंह ने भी आरोपी को कड़ी फटकार लगाई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने दो मई को बोलेरो गाड़ी से अपने पिता जंटा सिंह और डोगर सिंह को जानबूझकर टक्कर मार दी। इस हमले में जंटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डोगर सिंह और सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसएसपी बठिंडा के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन नशे की लत और आपसी रंजिश ने उसे इस खौफनाक वारदात तक पहुंचा दिया।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button