हरियाणा :अगर आपके व्हाट्सएप पर अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल या मैसेज आ रहे हैं, तो अब राहत की खबर है। हरियाणा पुलिस ने ‘अभेद्य’ नाम का एक खास ऐप तैयार किया है, जो ऐसे संदिग्ध कॉल और मैसेज को यूजर तक पहुंचने से पहले ही ब्लॉक कर देता है।
इस ऐप की खासियत यह है कि यह कॉल, मैसेज, फोटो और वॉयस नोट को पहचानकर तुरंत डिलीट कर देता है। इससे अपराधियों को स्थानीय नंबर का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे पुलिस के लिए उनकी लोकेशन ट्रैक करना आसान हो जाता है।
6 अप्रैल तक राज्य में करीब 230 लोग इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं। जींद, कैथल, झज्जर और पानीपत जैसे जिलों में इसका अच्छा असर देखने को मिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से न सिर्फ लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, बल्कि साइबर अपराधियों पर भी शिकंजा कसने में मदद मिली है।





