Dogs Issue: पंजाब में बनेंगे डॉग शेल्टर, भीड़भाड़ वाले इलाकों से हटेंगे आवारा कुत्ते
CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, बच्चों-बुजुर्गों की सुरक्षा के साथ पशु कल्याण पर भी फोकस
Punjab:भगवंत मान ने पंजाब में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाएगी और उनके लिए आधुनिक डॉग शेल्टर बनाए जाएंगे, ताकि आम लोगों की सुरक्षा और पशुओं की उचित देखभाल दोनों सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट के 19 मई 2026 के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेगी। इसके तहत बाजारों, पार्कों, कॉलोनियों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों से आवारा कुत्तों को हटाकर सुरक्षित आश्रय गृहों में रखा जाएगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्यभर में जरूरत के अनुसार डॉग शेल्टर तैयार किए जाएंगे, जहां आवारा कुत्तों को भोजन, इलाज और देखभाल की सुविधा मिलेगी। इन शेल्टर होम्स का उद्देश्य सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों की संख्या कम करना और लोगों को सुरक्षित माहौल देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और परिवार बिना डर के सार्वजनिक स्थानों पर घूम सकें, इसके लिए सरकार तेजी से कदम उठा रही है।
पिछले कुछ महीनों में पंजाब के कई शहरों और कस्बों में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आई थीं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार सरकार से कार्रवाई की मांग की जा रही थी। ऐसे में सरकार की यह नई योजना लोगों को राहत देने वाली मानी जा रही है।





