main slide

माता-पिता के झगड़े में दो दिन घर में पड़ा रहा मासूम का शव !

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद में घरेलू कलह की भयावह तस्वीर सामने आई है। पति-पत्नी के विवाद में मासूम के शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया गया। दो दिन तक घरेलू कलह होती रही और मासूम बच्ची का शव रखा रहा। बात सिर्फ बच्ची के इलाज में खर्च रुपयों की थी। दंपती के बीच आपसी मतभेद के चलते मायके में रह रही महिला की आठ माह की पुत्री की मौत हो गई।

                           महिला और उसके मायके पक्ष ने बच्ची के इलाज में खर्च धनराशि दिलाए जाने की मांग रखते हुए बच्ची का शव का दो दिन तक अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। तीसरे दिन शुक्रवार को महिला के पति के आने के बाद आपस में तलाक का समझौता होने पर बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी को लेकर विवाद की सूचना आई थी। किसी ने तहरीर नहीं दी है। फर्रुखाबाद में एक दंपती के बीच मतभेद के चलते मायके में रह रही महिला की आठ माह की पुत्री की मौत हो गई।

  • इलाज में खर्च रुपयों की मांग के लिए 2 दिन घर में रखे रहे बच्ची का शव
  • पति से विवाद के बाद मायके में रह रही महिला की बच्ची की हो गई थी मौत
  • पुलिस बोली कि पति पत्नी में था विवाद, समझौते कर किसी ने नहीं दी तहरीर

मऊदरवाजा थाने के गांव जनैया सठैया निवासी व्यक्ति की 21 वर्षीय पुत्री की शादी वर्ष 2024 में जनपद एटा के गांव तारा नगला निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गया। कुछ माह बाद ही बेटी मायके आ गई थी। उसने मायके में पुत्री को जन्म दिया। पुत्री के जन्म के बाद फिर ससुराल चली गई, वहां आपस में विवाद गहराया तो वह दो माह पहले मायके चली आई।

नर्सिंग होम में इलाज का दावा

बेटी की पुत्री की तबियत 15 दिन पहले बिगड़ी तो उसका एक नर्सिंग-होम में इलाज कराया गया। बुधवार शाम बच्ची की मौत हो गई। सुमन व उसके माता पिता ने आरोप लगाया कि इलाज में उनका लगभग 2.70 लाख रुपये खर्च हो गया। बेटी के पिता का आरोप है यह रकम जुटाने के लिए उन्होने आलू सहित अपना खेत तक गिरवी रख दिया। बेटी के पति को बच्ची के इलाज का खर्च देना चाहिए। बेटी की मौत की जानकारी पर उसके पिता व उसके स्वजन भी गांव जनैया सठैया आए, लेकिन खर्च की धनराशि को लेकर विवाद हो गया। मृतक बच्ची के पिता व उसके स्वजन इलाज में इतने रुपये खर्च होने की बात गलत मान रहे थे।

दोनों पक्षों में पुलिस ने करवाया समझौता

मौके पर यूपी -112 व थाना पुलिस भी पहुंची।‌ उसके बाद शुक्रवार को दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद बालिका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला था, दोनों पक्षों ने आपस में विवाद निपटा लिया। घटना को लेकर किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button