पंजाब

फोर्जिंग प्लांट का CM भगवंत मान ने किया शिलान्यास , युवाओ के लिए खुले रोज़गार के रास्ते

नए प्रोजेक्ट से पंजाब के औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, निर्यात और रोजगार दोनों को होगा बड़ा फायदा

लुधियाना: पंजाब में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को लुधियाना में वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड के अत्याधुनिक फोर्जिंग प्लांट का शिलान्यास किया। लगभग ₹1100 करोड़ की लागत से बनने वाली इस परियोजना से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने के साथ-साथ करीब 500 युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में लगातार बढ़ रहा औद्योगिक निवेश राज्य की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के लिए पारदर्शी और निवेश-अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।

500 करोड़ से बढ़कर ₹1100 करोड़ पहुंचा निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआत में इस परियोजना के लिए जापान की एक कंपनी और वर्धमान स्पेशल स्टील्स लिमिटेड के बीच लगभग ₹500 करोड़ के निवेश की योजना थी। हालांकि पंजाब में बेहतर औद्योगिक माहौल और सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर निवेश को बढ़ाकर ₹1100 करोड़ कर दिया गया।

देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचेगा उत्पादन

सरकार के अनुसार यह अत्याधुनिक फोर्जिंग प्लांट देश के प्रमुख औद्योगिक संयंत्रों में शामिल होगा। यहां निर्मित उत्पाद घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी निर्यात किए जाएंगे, जिससे पंजाब के निर्यात क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

45 दिनों में औद्योगिक मंजूरियों का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों के लिए मंजूरी प्रक्रिया को पहले की तुलना में काफी आसान बनाया है। नई औद्योगिक नीति के तहत सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिसके माध्यम से भूमि उपयोग परिवर्तन, पर्यावरण और अन्य आवश्यक स्वीकृतियां लगभग 45 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर अनावश्यक प्रशासनिक बाधा आती है तो वे सीधे सरकार से संपर्क कर सकते हैं।

रोजगार से युवाओं को मिलेगा नया अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने उद्योग जगत से स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार के अवसर बढ़ने से आर्थिक गतिविधियां मजबूत होंगी और युवाओं को बेहतर भविष्य मिलेगा।

औद्योगिक विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के समय में पंजाब में कई बड़ी औद्योगिक परियोजनाएं शुरू हुई हैं और सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए देश-विदेश के निवेशकों से लगातार संवाद कर रही है। उनका कहना है कि नई परियोजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था, विनिर्माण क्षेत्र और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button