Hariyana:कैथल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का 47वां स्थापना दिवस उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने की।इस अवसर पर वक्ताओं ने पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्र प्रथम, सुशासन और विकास के सिद्धांतों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, जो करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाली विचारधारा है। वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।विधायक सतपाल जांबा ने प्रदेश और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया, वहीं पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता पर पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस मौके पर कई नए नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिनका पार्टी में स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।





