देहरादून

ऑपरेशन प्रहार: रुड़की में एसटीएफ का बड़ा एक्शन, घर में छिपाई गई 101 सिलेंडरों की ‘खेप’ बरामद !

देहरादून -: ( रुड़की ) -: उत्तराखंड पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रुड़की में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारण किए गए “101 एलपीजी सिलेंडरों “ को बरामद किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एसटीएफ “अजय सिंह ” को इनपुट मिले थे कि बाजार में गैस की किल्लत का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व सिलेंडरों की जमाखोरी कर रहे हैं। ये लोग घरेलू गैस को होटलों और ढाबों में ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे। इसी सूचना पर एसएसपी ने एसटीएफ टीम को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।एसटीएफ की टीम ने जब साउथ सिविल लाइंस स्थित जयवीर (पुत्र करण सिंह) के ठिकाने पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। घर के भीतर नियमानुसार सुरक्षित भंडारण के बिना 101 सिलेंडर ठूंस-ठूंस कर रखे गए थे, जिनमें अधिकांश इंद्रा गैस ”  कंपनी के हैं। छापेमारी के दौरान आरोपी जयवीर मौके पर नहीं मिला, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

एसटीएफ ने मौके पर तत्काल खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम को बुलाया। बरामद किए गए सभी सिलेंडरों को विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि एलपीजी के अवैध भंडारण और कालाबाजारी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय पुलिस के सहयोग से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, हेड कांस्टेबल देवेंद्र ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी और संजय शामिल रहे।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button