पंजाब
Bhakra Canal Mystery: भाखड़ा नहर से मिली लापता ओमनी वैन, अंदर मिले मानव अवशेष
2000 में नहर में गिरी परिवार की वैन बरामद, बच्चे की शर्ट और कंकाल मिलने से भावुक हुआ परिवार
चंडीगढ़: पंजाब के रूपनगर जिले में 26 साल पुराना रहस्य(Bhakra Canal Mystery) उस समय सामने आया जब भाखड़ा नहर की तलहटी से एक पुरानी मारुति ओमनी वैन बरामद की गई। माना जा रहा है कि यह वही वाहन है जो वर्ष 2000 में एक परिवार के चार सदस्यों सहित नहर में गिर गया था।
स्थानीय गोताखोर कमलप्रीत सैनी ने 32 फीट गहरी भाखड़ा नहर में तलाशी अभियान के दौरान इस वैन को खोज निकाला। बताया जा रहा है कि वाहन के अगले हिस्से से मानव कंकाल अवशेष और एक बच्चे की शर्ट भी मिली है।
जानकारी के मुताबिक, अक्टूबर 2000 में कीरतपुर साहिब के पास कोटला गांव के तीन पुरुष और एक आठ वर्षीय बच्चा शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी मारुति ओमनी वैन अनियंत्रित होकर भाखड़ा नहर में गिर गई थी।
उस समय कई दिनों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन न वाहन मिला और न ही उसमें सवार लोगों के शव बरामद हो सके थे। घटना धीरे-धीरे एक रहस्य बन गई थी।
गोताखोर कमलप्रीत सैनी ने बताया कि वह नक्कियां गांव के पास नहर में एक अन्य शव की तलाश कर रहे थे, तभी उन्हें पानी के भीतर धातु जैसी संरचना दिखाई दी। जांच करने पर पता चला कि वह पुरानी ओमनी वैन थी।
उन्होंने बताया कि वैन का पिछला हिस्सा और छत पूरी तरह जंग खाकर खत्म हो चुके थे, जबकि अगला हिस्सा आंशिक रूप से सुरक्षित था।स्थानीय ग्रामीणों और ट्रैक्टरों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद वाहन को नहर से बाहर निकाला गया। बाद में गांव वालों ने वाहन की पहचान वर्ष 2000 में लापता हुई उसी वैन के रूप में की।
गोताखोर के अनुसार, नहर के तेज बहाव और गहराई के कारण वाहन को बाहर निकालना बेहद मुश्किल था।वाहन मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने किरतपुर साहिब में मृतकों की याद में अरदास रखी। बरामद सामान और अवशेष परिवार को सौंप दिए गए हैं।
इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है। 26 साल बाद सामने आई इस बरामदगी ने पुराने दर्द और यादों को फिर से ताजा कर दिया।