main slide

ईरान से ‘डील’ के बीच ट्रंप ने पीएम मोदी को किया फोन, क्या खुलने वाला है होर्मुज ?

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में उलझे तारों के बीच मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान पश्चिम एशिया (मध्य पूर्व) के मौजूदा संकट पर उपयोगी चर्चा हुई।पीएम मोदी ने इसके बाद सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने मुझे फोन किया और पश्चिम एशिया की स्थिति पर हमारी उपयोगी चर्चा हुई। भारत शीघ्र से शीघ्र वहां तनाव को खत्म करने और शांति की बहाली का समर्थन करता है। होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला, सुरक्षित और सुलभ बनाए रखना पूरे विश्व के लिए जरूरी है। हम शांति और स्थिरता के प्रयासों पर संपर्क में रहने पर सहमत हुए।”

  1. ट्रंप ने पीएम मोदी से पश्चिम एशिया संकट पर की बात।
  2. होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने पर दिया गया जोर।
  3. भारत ने तनाव कम करने, शांति बहाली का समर्थन किया।

सर्जियो गोर ने दी जानकारी

अमेरिका के नई दिल्ली में राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, “प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की। दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व की चल रही स्थिति पर चर्चा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के महत्व पर भी जोर दिया गया।”

क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर खतरा

ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ती तकरार के कारण क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक अर्थव्यवस्था दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। पश्चिम एशिया में मौजूदा विवाद शुरू होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र के लगभग हर प्रमुख देश के शीर्ष नेताओं से एक या दो दौर की वार्ता की है।

इनमें ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन (दो बार), इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमाद अल थानी, ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारीक, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय, बहरीन के किंग हमाद बिन ईसा अल खलीफा, कुवैत के अमीर शेख मिशाल अल अहमद अल जाबेर अल सबाह, साथ ही फ्रांस के राष्ट्रपति और मलेशिया के प्रधानमंत्री शामिल हैं। हर वार्ता में भारतीय पीएम ने मौजूदा तनाव को खत्म करने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अख्तियार करने पर जोर दिया है।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button