हरियाणा

SIR के बाद 34 लाख मतदाताओं के नाम हटे, 30 अगस्त तक दोबारा जुड़वाने का मौका

हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा, प्रारंभिक मतदाता सूची जारी। पात्र नागरिक 30 अगस्त तक दावा-आपत्ति दाखिल कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

HARYANA:हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के पूरा होने के बाद राज्य निर्वाचन विभाग ने सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारंभिक निर्वाचक नामावली जारी कर दी है। अभियान के दौरान करीब 34 लाख ऐसे मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए, जो सत्यापन के दौरान स्थानांतरित, अनुपस्थित, मृत या अन्य निर्धारित श्रेणियों में पाए गए। पात्र नागरिकों को 30 अगस्त 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कर अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने का अवसर दिया गया है।

राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार, 15 जून से 31 जुलाई 2026 तक चले विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रदेश में पंजीकृत 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 मतदाताओं का सत्यापन किया गया। इनमें से 1 करोड़ 72 लाख 72 हजार 627 मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा किए, जो कुल पंजीकृत मतदाताओं का 83.64 प्रतिशत है।

सत्यापन के दौरान लगभग 24.30 लाख मतदाता स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा अन्य श्रेणियों में पाए गए, जबकि 7.66 लाख मतदाताओं के निधन की पुष्टि हुई। इसके अलावा 2.04 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मिले। इन सभी श्रेणियों के आधार पर संबंधित नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर 30 अगस्त तक दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश के 23 जिलों में घर-घर जाकर सत्यापन किया गया। 90 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), 4,594 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO), 2,244 बीएलओ पर्यवेक्षकों और 20,629 बूथ स्तर अधिकारियों (BLO) ने अभियान में भाग लिया। राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 36,998 बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (BLA) ने भी सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग किया।

चार जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा भी दावा-आपत्ति अवधि के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक मतदाता सूची संबंधित ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ कार्यालयों के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट और ECINET मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध कराई गई है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button