राहुल गांधी का BJP पर हमला, खड़गे की सभा के बाद मंच ‘शुद्धिकरण’ का आरोप !
उत्तराखंड -: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना. राहुल गांधी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान पूरे देश के दलित समाज का अपमान है. उन्होंने कहा कि एक तरफ संविधान की विचारधारा है, जबकि दूसरी तरफ आरएसएस की विचारधारा है. उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक न्याय और समानता को लेकर अभी भी लंबी लड़ाई बाकी है. राहुल गांधी ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण हवन’ को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 2026 को मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था.
राहुल गांधी ने कहा कि जनसभा के दो दिन बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने कथित तौर पर उसी स्थान पर ‘शुद्धिकरण हवन’ किया. राहुल गांधी ने इस घटना को दलितों के प्रति भेदभाव से जोड़ते हुए कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए. उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को न्याय मिलना चाहिए. उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि अगर देश में संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, तो किसी व्यक्ति के भाषण के बाद किसी स्थान का ‘शुद्धिकरण’ करने जैसी घटनाएं कैसे हो सकती हैं।.
राहुल गांधी ने कहा, “देश में दो विचारधाराओं के बीच में लड़ाई चल रही है. एक – भारत का संविधान है, अंबेडकर, गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल का संविधान और दूसरी भाजपा -RSS की विचारधारा, इन दोनों विचारधाराओं के बीच में राजनीति हो रही है. हजारों साल से देश में दलितों पर अत्याचार और हिंसा की गई है. संविधान के बाद यह सब गैर-कानूनी है लेकिन आज भी स्कूल में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ कराया जाता है, झाड़ू-पोछा लगवाया जाता है. यह हिंदुस्तान की सच्चाई है. जितनी बुलंद आवाज होती है और जितना सफल दलित व्यक्ति होता है, उतने ही जोरों से उसपर आक्रमण होता है.”
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “राजस्थान में हमारे CLP नेता मंदिर जाते हैं, तो भाजपा नेता ‘शुद्धिकरण’ करते हैं. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश और संविधान के लिए दिया है, हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण देने जाते हैं, तो वहां भी शुद्धिकरण होता है. ऐसा कौन करता है ? भाजपा और RSS के लोग करते हैं. यह एक अपराध है. भारत के संविधान के तहत यह एक अपराध है, एक आपराधिक गतिविधि है। शुद्धिकरण असल में छुआछूत का ही दूसरा नाम है.वो नहीं चाहते कि देश के दलित प्रगति करें.” कांग्रेस अध्यक्ष मिल्लार्जुन खरगे को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ” वो हमारे अध्यक्ष हैं तो न्याय मिलेगा. आज नहीं तो कल न्याय मिलेगा. ऐसा होने की संभावना ही नहीं है कि खरगे जी को न्याय नहीं मिला. मैं बता रहा हूं कि FIR होगा, आज नहीं तो कल FIR होगा.” लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “यह SC/ST एक्ट के खिलाफ काम है. हमारी मांग है कि जल्दी ही जिन लोगों ने उत्तराखंड में शुद्धिकरण किया है, उनके खिलाफ FIR दर्ज़ हो..”



