19 क्विंटल सोना का झांसा देकर डेढ़ करोड़ की ठगी,तंत्र – मंत्र के नाम पर वसूली मोटी रकम
घर में दबे खजाने को निकालने के नाम पर ऐंठे रूपए,पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ की FIR
यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर जिले में घर में दबे कथित खजाने (तंत्र – मंत्र )का लालच देकर एक परिवार से तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर करीब ₹1.5 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने दावा (तंत्र – मंत्र )किया कि उसके घर में 19 क्विंटल सोना दबा हुआ है और उसे निकालने के लिए विशेष अनुष्ठान कराने होंगे। साथ ही परिवार पर कथित रूप से बुरे साये और अनिष्ट का भय दिखाकर अलग-अलग चरणों में बड़ी रकम वसूली गई।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, पीड़ित की मुलाकात कुछ लोगों से एक धार्मिक मेले के दौरान हुई थी। आरोप है कि उन्होंने पहले पूजा और अनुष्ठान के नाम पर छोटी रकम ली, फिर धीरे-धीरे अधिक धन की मांग शुरू कर दी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपितों के कहने पर उसने ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन गिरवी रखी, पत्नी के गहने बेचे और रिश्तेदारों व परिचितों से उधार लेकर रकम जुटाई।
डर और अंधविश्वास का फायदा उठाने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, आरोपितों ने कथित तौर पर परिवार को अनिष्ट का डर दिखाया और खजाना निकालने के लिए विभिन्न अनुष्ठानों की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि इसी बहाने उससे लगातार धन लिया गया। बाद में जब उसने पैसे वापस मांगे तो कथित रूप से धमकियां भी दी गईं।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना छप्पर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





