हरियाणा

जींद- सोनीपत में हाइड्रोजन ट्रेन की लांचिंग रुकी

जींद रेलवे जन्शन का निरिक्षण करने पहुंची दिल्ली मुंडन के डीआरएम, सफाई और यात्री सुरक्षा में सुधार का निर्देश

जींद | उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने शुक्रवार को जींद रेलवे जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कई कमियों पर नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जींद–सोनीपत रेलखंड पर हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन की तारीख अभी तय नहीं की गई है।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने नए स्टेशन भवन, प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। नए भवन में फैली गंदगी पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फीडिंग रूम में सुविधाओं की कमी पर नाराजगी

डीआरएम ने फीडिंग रूम का निरीक्षण भी किया, जहां पंखा नहीं होने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए फीडिंग रूम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। अधिकारियों को तत्काल पंखा लगाने और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

स्टेशन दौरे के बाद डीआरएम ने हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य, तकनीकी तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना से जुड़े शेष कार्य समय पर पूरा करने और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि जींद–सोनीपत रेलखंड पर ट्रेन शुरू करने की कोई निश्चित तारीख या शेड्यूल अभी तय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि उद्घाटन से जुड़ा अंतिम निर्णय सरकार स्तर पर लिया जाएगा। रेलवे अपनी ओर से सभी तकनीकी और परिचालन तैयारियां पूरी कर रहा है ताकि स्वीकृति मिलते ही सेवा शुरू की जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित परियोजना है और इसे शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा और तकनीकी मानकों को पूरी तरह सुनिश्चित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन में शेष निर्माण कार्य, टाइल्स, फर्श और अन्य अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्टेशन के नियमित रखरखाव और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।


 

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button