शिक्षा व रोजगार का सवाल सबसे बड़ा विषय, होगी आर पार की लड़ाई – : डॉ पल्लवी

लखनऊ -: ( वाराणसी ) -: NEET समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक एवं धांधली के खिलाफ सोमवार को अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता व सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल के नेतृत्व में विशाल विरोध प्रदर्शन काशी हिंदू विश्वविद्यालय, लंका के मुख्य द्वार से निकलकर प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय की ओर बढ़ा ही था, बैरिकेडिंग लगाकर बलपूर्वक पुलिस वैन में भर लिया गया। जिसके माध्यम से नीट पेपर लीक समेत लेखपाल भर्ती परीक्षा, यूपीएसआई आदि प्रतियोगी और दक्षता परीक्षाओं में हो रही धांधली का मुखर विरोध किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक की जांच सीबीआई और न्यायिक प्राधिकारियों की देखरेख में कराए जाने, उत्तर प्रदेश लेखपाल भर्ती परीक्षा में धांधली के आरोपों के मद्देनजर पुनः परीक्षा कराये जाने, यूपीएसआई पारदर्शी परीक्षा की गारंटी हेतु स्कोरकार्ड तत्काल जारी करने, पेपर लीक व धांधली में लिप्त लोगों का नाम सार्वजनिक उजागर करने तथा दोषी NTA और अन्य परीक्षा नियंत्रक अधिकारियों को रासुका की कार्यवाही कर जेल भेजने की मांग उठाई। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार मध्याह्न 12:00 बजे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर जुटे अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ताओं और छात्र युवाओ ने “नीट पेपर लीक क्यों, बीजेपी सरकार जवाब दो”, “छात्र युवाओं के भविष्य से खिलवाड़– बंद करो”, “प्रतिभाशाली छात्रों के अवसरों की लूट क्यों? योगी मोदी जवाब दो”, “पेपर लीक और धांधली के जिम्मेदार अधिकारियों पर रासुका लगाओ”, “भाजपा सरकार वीक है, तभी तो पेपर लीक है”, “लेखपाल भर्ती की पुनः परीक्षा कराओ”, “यूपीएसआई का स्कोर कार्ड जारी करो” आदि नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया, इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और भारत का तिरंगा झंडा लेकर आगे बढ़ रहे थे।
नेतृत्व कर रही अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता व सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि आज के दौर में शिक्षा एवं रोजगार का सवाल सबसे बड़ा विषय है। शिक्षा व पारदर्शी परीक्षा छात्र युवा को अवसर प्रदान करती है और रोजगार से भविष्य का निर्माण होता है। इसलिए लोकतांत्रिक देश में सरकार की यह जवाबदेही है कि इसके लिए ठोस नीति और अच्छी नियत से उचित व्यवस्था प्रदान करें।परंतु भावनात्मक मुद्दों पर राजनीति कर रही वर्तमान भाजपा सरकार का इन मूलभूत सवालों पर कोई ध्यान नहीं है। जिससे स्थिति बद से बदतर होती जा रही है और युवाओं का आक्रोश चरम की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास छात्रों के प्रवेश परीक्षा व परिणाम के साथ ही रोजगार का कोई प्लान नहीं है। जुमलों से सरकार तो बन सकती है, लेकिन उसे लोककल्याणकारी बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार को अपने भ्रष्टाचार, धांधली और पेपर लीक पर रोक लगाना होगा। अन्यथा इस देश का युवा अब ज्यादा दिनों तक इस सड़ी–गली व्यवस्था को बर्दाश्त नहीं करेगा, और सड़कों पर आर पार की लड़ाई होगी। उन्होंने मोदी योगी की डबल इंजन की सरकार को सुझाव दिया कि पाकिस्तान, कब्रिस्तान और मुसलमान की राजनीति से बाहर निकलकर शिक्षा, रोजगार एवं लोकतंत्र को मजबूत करने वाली राजनीति की ओर बढ़े, अन्यथा युवाओं की बेरोजगारी, रोजगार के नाम पर अवसरों की लूट और शिक्षा व परीक्षा की धांधली अब उन्हें क्रांति की ओर उद्वेलित कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के शिक्षा एवं रोजगार की लड़ाई अनवरत जारी रहेगी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव एडवोकेट, राजेश प्रधान, रामशिला पटेल, अजय सिंह, दिलीप पटेल समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।