हरियाणा

निकाह की खुशी पड़ी भारी, थार स्टंटबाजी पर दूल्हे समेत 4 पर FIR

बारात के दौरान गाड़ियों की छतों पर खड़े होकर सफर करने का वीडियो वायरल

नूंह: शादी समारोह के दौरान की गई स्टंटबाजी एक दूल्हे और उसके साथियों पर भारी पड़ गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर नूंह पुलिस ने दूल्हे समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, एक बारात गांव नाई नंगला से गांव चंदेनी जा रही थी। इस दौरान बारात में शामिल कुछ युवक थार गाड़ियों की छतों पर बैठकर और खड़े होकर सफर करते नजर आए। कथित तौर पर वाहन भी तेज गति से चलाए जा रहे थे। किसी राहगीर ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

वीडियो में युवकों को चलती गाड़ियों की छतों पर खतरनाक तरीके से सफर करते देखा गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल संबंधित लोगों की जान को खतरे में डालती हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जोखिम पैदा करती हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बारात अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुकी थी। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दूल्हे सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि शादी और अन्य समारोहों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की खतरनाक स्टंटबाजी से बचें।


Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button