दुग्ध क्रांति से सशक्त हो रहा ग्रामीण भारत, दुग्ध उत्पादन में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश : श्री केशव प्रसाद मौर्य !

लखनऊ : – ( 01 जून, 2026 ) – : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर दुग्ध उत्पादन से जुड़े सभी पशुपालकों, अन्नदाताओं, दुग्ध सहकारी समितियों तथा स्वयं सहायता समूहों में कार्यरत बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
श्री मौर्य ने कहा कि भारत आज विश्व का सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन करने वाला देश है और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन गतिविधियों में स्वयं सहायता समूहों की बढ़ती भागीदारी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता तथा ग्रामीण आजीविका को नई मजबूती प्रदान कर रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन एवं प्रसंस्करण से जुड़ी संस्थाएं, दुग्ध सहकारी समितियां तथा विभिन्न कंपनियां किसानों की आय बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दुग्ध क्षेत्र न केवल पोषण सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है, बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी गति प्रदान कर रहा है।
श्री मौर्य ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादन एवं डेयरी क्षेत्र को और अधिक समृद्ध, आधुनिक तथा आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी हितधारकों को सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ना चाहिए, जिससे किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ हो सके। उन्होंने विश्व दुग्ध दिवस के अवसर पर दुग्ध क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना की है।

