अंतराष्ट्रीयखेल

पाकिस्तान अपने 1000वें वनडे में जीता, ऑस्ट्रेलिया को हराया:अराफात डेब्यू मैच में 5 विकेट लेने वाले पहले पाकिस्तानी, बाबर-घोरी की फिफ्टी

 

शाहीन के साथ विकेट सेलिब्रेट करते अराफात मिन्हास (दाएं)। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। - Dainik Bhaskar

शाहीन के साथ विकेट सेलिब्रेट करते अराफात मिन्हास (दाएं)। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

मिन्हास ने 10 ओवर में 32 रन दिए। उनकी गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 44.1 ओवर में 200 रन पर ऑलआउट कर दिया। फिर 5 विकेट खोकर 45 गेंद शेष रहते टारगेट हासिल कर लिया। बाबर आजम ने 69 और विकेटकीपर गाजी घोरी ने 65 रन बनाए। दोनों के बीच 127 रनों की मैच विनिंग पारी हुई।

शाहीन टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, शॉर्ट की फिफ्टी-:पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने रावलपिंडी की सूखी पिच को देखते हुए टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उन्होंने प्लेइंग-11 में 4 स्पिनर्स और 2 तेज गेंदबाजों को शामिल किया।

शाहीन की यह रणनीति काम आई और पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 44.1 ओवर में ऑलआउट कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू शॉर्ट ने 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने एलेक्स कैरी के साथ 34 रन ही जोड़े थे कि अबरार अहमद ने कैरी को सलमान अली आगा के हाथों कैच करा दिया।

अराफात ने दबाव में डाला, लाबुशेन-ग्रीन जीरो पर आउट-:कैरी के आउट होने के बाद कप्तान अफरीदी ने अराफात मिन्हास को गेंदबाजी पर लगाया। मिन्हास को लाइन और लेंथ हासिल करने में थोड़ा समय लगा, लेकिन लय मिलते ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजना शुरू कर दिया।

उन्होंने अपने चौथे ओवर में जोश इंग्लिस (13 रन) और मार्नस लाबुशेन (शून्य) को तीन गेंदों के अंदर LBW आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। फिर अगले ओवर में कैमरन ग्रीन को बोल्ड कर दिया। यहां ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 68 रन पर 4 विकेट हो गया।

शॉर्ट-रेनशॉ ने संभाली पारी, कुह्नेमैन ने स्कोर 200 पहुंचाया-:मैथ्यू शॉर्ट और मैट रेनशॉ ने 5वें विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी करके पारी को संभाला। जब ऑस्ट्रेलिया की पारी लय पकड़ रही थी, तब शाहीन अफरीदी ने दोबारा मिन्हास को गेंदबाजी पर लगाया।

मिन्हास ने मैथ्यू शॉर्ट को अपनी गति और टर्न से छकाया और विकेटकीपर गाजी घोरी ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। इसके बाद अबरार अहमद ने मैट रेनशॉ को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया की चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने की उम्मीद खत्म कर दी।

मिन्हास ने अपने आखिरी स्पैल में नाथन एलिस को बोल्ड कर वनडे इतिहास में अपने पहले 5 विकेट पूरे किए। मैथ्यू कुह्नेमैन ने निचले क्रम में 40 गेंदों पर 24 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 तक पहुंचाया।

पाकिस्तान की खराब शुरुआत, ओपनर्स जल्दी आउट-:रन चेज में पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। ओपनर माज सदाकत (8 रन) और साहिबजादा फरहान (28 रन) जल्दी आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने चौथे ओवर से ही स्पिनर्स लगा दिए थे। इसका फायदा बाबर और घोरी को मिला। दोनों ने सूझबूझ से बल्लेबाजी करते हुए तीसरे विकेट के लिए 127 रनों की पार्टनरशिप की।

पिच लगातार खराब हो रही थी और स्पिनर्स को टर्न व असमान उछाल मिल रहा था। ऐसे में बाबर आजम ने आक्रामकता छोड़कर एंकर रोल निभाया। उन्होंने 94 गेंदों पर 69 रन बनाए। वहीं अपना दूसरा वनडे खेल रहे गाजी घोरी ने 92 गेंदों पर 65 रन बनाए, जो उनके लिस्ट-ए करियर का सर्वोच्च स्कोर है।

दोनों के अर्धशतक पूरे होने के बाद नाथन एलिस ने बाबर और घोरी को आउट किया, लेकिन तब तक पाकिस्तान जीत के करीब पहुंच चुका था। अंत में अराफात मिन्हास ने 17 गेंदों पर नाबाद 18 रन बनाए और छक्का मारकर पाकिस्तान को जीत दिलाई।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button