भारतीय खेल प्राधिकरण, क्षेत्रीय केंद्र, सरोजनीनगर, लखनऊ में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी द्वारा आयोजित चैंपियनशिप में बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। टीम आधारित इस नए प्रारूप ने प्रतियोगिता को और अधिक रोचक बना दिया, जहां खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक रणनीति और तालमेल के दम पर जीत दर्ज की।
चैंपियनशिप के समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के चेयरमैन डॉ. रजत आदित्य दीक्षित एवं विशिष्ट अतिथि स्पोर्ट्स नेटवर्क इंडिया (एसएनआई) के निदेशक डॉ. आनंद किशोर पाण्डेय ने विजेता टीमों को को पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया। जूनियर मिक्स टीम वर्ग में साई लखनऊ की खुशी, नव्या, बृजेश और हर्षित की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

जूनियर बालिका टीम वर्ग में जालौन की अंशिका शाही, अन्वेषा जैन, सृष्टि गुप्ता व मेहर की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जूनियर बालक वर्ग में आगरा की टीम ने स्वर्ण जीता जिसमें धीरेंद्र, लोकेन्द्र, शुभम, गुलशन शामिल रहे।
सीनियर पुरुष टीम वर्ग में साई लखनऊ के शिवा, राजन, बृजेश और सुमित की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सीनियर मिक्स टीम वर्ग में साई लखनऊ के सुमित, शिवा, मधु और वैष्णवी ने स्वर्णिम सफलता अर्जित की। इसके अलावा सीनियर महिला टीम वर्ग में साई लखनऊ की विशाखा, वैष्णवी, खुशी और नव्या की टीम ने भी स्वर्ण पदक जीतकर साई लखनऊ को ओवरऑल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के चेयरमैन डॉक्टर रजत आदित्य दीक्षित ने इस दौरान घोषणा करी कि जल्द ही उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी द्वारा एक कैश प्राइज टीम टैग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलेगा, और खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
चैंपियनशिप का का संचालन आकाश मिश्रा द्वारा किया गया एवं सफल आयोजन में राकेश सिंह एवं श्रीमती बालाजी ने अपना सराहनीय योगदान दिया। इस चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ी मणिपुर में आयोजित होने वाली नेशनल टीम टैग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।