पंजाब

Jagraon MC Elections 2026 : महिला आरक्षित वार्ड से नामांकन भरने पर आप विधायक के पति का पर्चा रद्द

नगर परिषद चुनाव में बड़ा घटनाक्रम, स्क्रूटनी के दौरान चुनाव अधिकारियों ने लिया फैसला

Punjab:पंजाब के जगराओं नगर परिषद चुनाव 2026 में उस समय राजनीतिक माहौल (Jagraon MC Elections 2026)गर्म हो गया, जब आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़ी एक बड़ी राजनीतिक हस्ती का नामांकन रद्द कर दिया गया। जगराओं से विधायक सरबजीत कौर माणुके के पति सुखविंदर सिंह बिल्ला द्वारा दाखिल किया गया चुनावी पर्चा चुनाव जांच प्रक्रिया के दौरान अमान्य घोषित कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सुखविंदर सिंह बिल्ला ने वार्ड नंबर 1 से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया था। हालांकि यह सीट महिलाओं के लिए आरक्षित थी। चुनाव नियमों के तहत पुरुष उम्मीदवार महिला आरक्षित वार्ड से चुनाव नहीं लड़ सकता, जिसके चलते रिटर्निंग अधिकारी ने उनका नामांकन खारिज कर दिया।

नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच के दौरान यह मामला सामने आया। तहसील परिसर में मौजूद राजनीतिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच इस मुद्दे को लेकर काफी चर्चा होती रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह चुनाव आयोग के नियमों और आरक्षण व्यवस्था के अनुसार की गई है।

रिटर्निंग अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि महिला आरक्षित सीट से किसी पुरुष उम्मीदवार को अनुमति नहीं दी जा सकती। इसी आधार पर नामांकन रद्द किया गया।नगर परिषद चुनाव को लेकर पहले ही राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला तेज था, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद चुनावी माहौल और अधिक गर्म हो गया है।

चुनाव अधिकारियों ने जानकारी दी कि स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान तीन अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन भी रद्द किए गए हैं।

  • वार्ड नंबर 9 से उम्मीदवार प्रदीप सिंह का नामांकन न्यूनतम आयु सीमा पूरी न होने के कारण खारिज किया गया।
  • वार्ड नंबर 11 से सुखमंदर सिंह का पर्चा आवश्यक बीसी प्रमाण पत्र न जमा करने के चलते रद्द हुआ।
  • वार्ड नंबर 22 से मनमोहन कौर का नामांकन अधूरे दस्तावेजों की वजह से अमान्य घोषित किया गया।

 जगराओं नगर परिषद चुनाव 2026 को लेकर आने वाले दिनों में और भी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button