अबोहर में भीषण सड़क हादसा: परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हनुमानगढ़ रोड पर तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, महिला गंभीर घायल
Punjab: पंजाब के अबोहर क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ( भीषण सड़क हादसा) ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। हनुमानगढ़ रोड पर गांव रामसरा के पास तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बुजुर्ग महिला, उसका मासूम पोता और ई-रिक्शा चालक शामिल हैं। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है, जबकि डेढ़ साल की बच्ची को भी चोटें आई हैं।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर जा गिरे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
सूचना मिलते ही थाना बहाववाला पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पिकअप चालक ललित कुमार, निवासी कैथल (हरियाणा), को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





