लखनऊ। आगामी गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर दिए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कारों के लिए खेल क्षेत्र से जुड़े उत्कृष्ट खिलाडिय़ों और खेल हस्तियों के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय खेल कार्यालय केडी सिंह बाबू स्टेडियम की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। जारी सूचना के अनुसार खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले इच्छुक महानुभावों से निर्धारित प्रारूप पर आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के साथ खेल उपलब्धियों एवं व्यक्तित्व से संबंधित विस्तृत ‘साइटेशन’ भी प्रस्तुत करना होगा।
क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी डॉ. अतुल सिन्हा ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रपत्र की तीन प्रतियों के साथ अपना आवेदन 30 मई 2026 तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में जमा कर सकते हैं। उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, सीतापुर और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों के क्रीड़ाधिकारियों को अपने-अपने जनपदों से संबंधित प्रस्ताव समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। खेल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह प्रक्रिया खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

