हरियाणा

जनगणना ड्यूटी में 50% से ज्यादा शिक्षकों को न लगाया जाए: हरियाणा में शिक्षकों की मांग

मौलिक स्कूल शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को सौंपा ज्ञापन, गैर-शैक्षणिक कार्यों पर जताई चिंता

Haryana: हरियाणा के कैथल जिले में मौलिक स्कूल शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल (जनगणना ड्यूटी) ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उठाया। इस दौरान एसोसिएशन ने एक ज्ञापन सौंपते हुए जनगणना जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी को लेकर अहम मांग रखी।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर पहलवान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी स्कूल से 50 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों को जनगणना या अन्य सरकारी कार्यों में न लगाया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि ड्यूटी लगाई जाए तो वह शिक्षकों के अपने कार्यस्थल के आसपास ही सुनिश्चित की जाए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लगातार गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रहने से शिक्षण कार्य प्रभावित होता है और छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ता है। इसके अलावा, मौजूदा भीषण गर्मी और लू को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव की भी मांग उठाई गई।

बैठक के दौरान स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों के पदों का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया। एसोसिएशन ने सरकार से जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके।

शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार शिक्षकों की सभी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और उचित समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button