हरियाणा

गुरुग्राम में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार उजागर, कैमिस्ट गिरफ्तार

कार में छिपाकर बेची जा रही थीं दवाएं, छापेमारी में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप और किट बरामद

Haryana: हरियाणा के गुरुग्राम में ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का पर्दाफाश करते हुए एक कैमिस्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह अपनी मेडिकल दुकान की आड़ में नशीली दवाओं की सप्लाई करता था और कार में छिपाकर इनकी बिक्री करता था।

विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी करते हुए संबंधित मेडिकल स्टोर पर दबिश दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।

ड्रग्स कंट्रोलर डॉ. मुकेश कुमार के अनुसार, जब टीम ओम मेडिकल स्टोर पर पहुंची तो वहां से बड़ी मात्रा में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाएं, प्रतिबंधित कफ सिरप और गर्भसमापन से संबंधित किट बरामद की गईं। जांच के दौरान जब कैमिस्ट से इन दवाओं के दस्तावेज और लाइसेंस मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया।

इसके बाद विभाग ने सभी संदिग्ध दवाओं को जब्त कर लिया और मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध व्यापार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Show More

यह भी जरुर पढ़ें !

Back to top button